Thursday, January 24, 2013

मतदान ज़रूरी है .......


अब आज़ादी के सपने में ,सच के नवीन रंग भरने में 
जो तुमने आनाकानी की ,आलस्य किया नादानी की 
तो सामंती बैसाखी पर फिर होगा लंगड़ा लोकतंत्र 
इन स्थितियों से बचना है तो गुन लो प्यारे एक मन्त्र 
मतदाताओं का जागृति अभियान ज़रूरी है 
लोकतंत्र  की रक्षा  हित  मतदान  ज़रूरी है 

ऊंचे ऊँचे  महलों वाले भी फिरते द्वारे द्वारे हैं 
उम्मीदें बाँट रहे सबको वादों के खुले पिटारे हैं 
जीवन की जलती धरती पर जैसे बादल घिर आये हैं 
बरसाती मेढक ,झींगुर सब अपना आलाप लगाये हैं 
अवसरवादी मंडूकों का अवसान जरूरी है 
लोकतंत्र  की रक्षा  हित  मतदान  ज़रूरी है

कश्ती स्वराज की जो निकालकर  लाये थे तूफानों से 
रखना संभालकर कहकर सौंपी थी कितने अरमानों से 
उन अमर शहीदों ने पाए विश्वासघात के छाले हैं 
कश्ती को वे ही लूट रहे हैं जो पतवार संभाले हैं 
मित्रो अब रक्षक भक्षक की पहचान जरूरी है 
लोकतंत्र  की रक्षा  हित  मतदान  ज़रूरी है

No comments:

Post a Comment